फूलबाड़ी, 21 जून (नि.सं.)। डाबग्राम स्थित स्टेट आर्म्ड पुलिस (एसएपी) 10वीं बटालियन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। रविवार सुबह 6:30 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में लगभग 400 पुलिसकर्मियों, उनके परिवार के सदस्यों और बच्चों ने भाग लिया।देशभर के साथ-साथ पश्चिम बंगाल में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कोलकाता में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाग लिया। इसी तरह राज्य के विभिन्न जिलों में सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं द्वारा योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योगासन और प्राणायाम का प्रदर्शन किया गया। साथ ही, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित योगाभ्यास के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।एसएपी 10वीं बटालियन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देने के साथ-साथ लोगों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की अपील की गई। इस अवसर पर बटालियन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
