सिलीगुड़ी, 14 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में ओडिशा का पारंपरिक और लोकप्रिय ‘रज’ उत्सव धूमधाम से मनाया गया। यह आयोजन सिलीगुड़ी उत्कल सांस्कृतिक समाज की ओर से किया गया।
रज उत्सव के अवसर पर ओड़िया लोकसंगीत, नृत्य प्रस्तुतियां, रज डोल (झूला) और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छोटे से लेकर बड़े तक सभी की उत्साहपूर्ण भागीदारी से कार्यक्रम बेहद जीवंत हो उठा।
इस मौके पर डाबग्राम-फुलबाड़ी की विधायक शिखा चटर्जी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थी। विधायक शिखा चटर्जी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विभिन्न समुदायों और राज्यों के लोगों के बीच भाईचारा और सौहार्द बढ़ाते हैं।
आयोजकों ने बताया कि ओडिशा की संस्कृति और परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों और दर्शकों के लिए पारंपरिक ओड़िया व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई।
