सिलीगुड़ी,18 जून (नि.सं.)। प्रधान नगर थाने की पुलिस ने एक नंबर वार्ड स्थित साउथ अंबेडकर कॉलोनी से रहस्यमय तरीके से लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिगा के मामले में पड़ोस के रहने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक का नाम मोहम्मद रेहान है। मिली जानकारी के अनुसार, साउथ अंबेडकर कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय नाबालिगा गत 3 जून से लापता हो गई थी। परिजनों ने पहले नाबालिगा की हर जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर 4 जून को प्रधान नगर थाने में गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी जांच और स्थानीय स्तर पर पूछताछ में पता चला कि नाबालिग के पड़ोस में रहने वाला मोहम्मद रेहान इस मामले में संदिग्ध भूमिका निभाया है। आरोपी के दोस्त ने नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाया और फिर उसे लेकर दूसरे राज्य चला गया। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद रेहान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आज आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने आरोपी मोहम्मद रेहान को 8 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। अब पुलिस रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ और उसके बताए तथ्यों के आधार पर फरार युवक तथा नाबालिगा की तलाश तेज करेगी।
