पंचायत चुनाव: फिर सुर्खियों में आया दिनहाटा, भाजपा प्रत्याशी के देवर की निर्मम हत्या

कूचबिहार,18 जून (नि.सं.)। पंचायत चुनाव से पहले दिनहाटा से हत्या का एक और मामला सामने आया है। लेकिन इस बार कार्यकर्ता-समर्थक नहीं बल्कि भाजपा प्रत्याशी के देवर की हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। यह घटना दिनहाटा 2 नंबर ब्लॉक के किसामत दसग्राम ग्राम पंचायत अंतर्गत टियादह इलाके में घटी है।


बताया गया है कि शनिवार देर रात को भाजपा प्रत्याशी के परिवार के एक सदस्य को घर के सामने से कथित तौर पर ले जाकर हत्या की गई है। घर से कुछ दूरी पर सदस्य का खून से लथपथ हालत में शव बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि धारदार हथियार से उसकी हत्या की गई है। मृतक का नाम शंभु दास है। आप को पता दें कि मृतक की भाभी विशाखा दास भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव में उतरी है। इस घटना के लिए भाजपा ने तृणमूल पर आरोप लगाया है। हालांकि, तृणमूल ने आरोपों से इनकार किया है।

इस संबंध में मृतक के पिता नरेन दास ने बताया कि रात में कुछ लोग उनके बेटे को घर से बुलाकर ले गए। उसके बाद लड़के की हत्या कर दी गयी। मेरे मंझले बेटे की पत्नी भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इस लिए तृणमूल की ओर से उन लोगों को धमकी दी गई थी।


वहीं,उत्तरबंग विकास मंत्री उदयन गुहा ने कहा कि यह घटना दुखद है। लेकिन भाजपा कह रही है कि तृणमूल ने इस घटना को अंजाम दिया है। इस घटना को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है। शंभु दास कोई राजनीतिक हस्ती नहीं हैं। यह किसी महिला संबंधित मामला है। पुलिस पूर घटना की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *