जलपाईगुड़ी में तीस्ता किनारे हाथियों के झुंड से दहशत, अलर्ट पर वन विभाग  

जलपाईगुड़ी, 19 मई (नि.सं.)। जलपाईगुड़ी में तीस्ता नदी के चर के पास एक बड़ा हाथियों का झुंड घुस आने से इलाके में हड़कंप मच गया। वनकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं।जानकारी के अनुसार, आज तीस्ता नदी के चर से सटे गोरिकोन इलाके में करीब 60-70 हाथियों का झुंड पहुंच गया। तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद बेलाकोबा स्क्वॉड के वनकर्मी मौके पर पहुंचे। जंगल से सटे गोरिकोन क्षेत्र में एक मंदिर भी है, जहां लोग पूजा करने आते हैं। इसी दौरान झुंड से अलग होकर तीन हाथी मंदिर के पास पहुंच गए। सूचना मिलते ही वन कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हाथियों को वहां से सुरक्षित दूसरी ओर खदेड़ दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे खेत में मिर्च तोड़ रहे थे, तभी अचानक हाथियों को आते देखा और तुरंत वहां से भाग निकले।  इस संबंध में बेलाकोबा स्क्वॉड के रेंजर उत्तम सरकार ने बताया कि पिछले 3-4 दिनों से 60-70 हाथियों का यह झुंड बैकुंठपुर जंगल के गोरिकोन इलाके में मौजूद है और बीच-बीच में नदी के चर में आ रहा है। लोगों को माइकिंग के जरिए सतर्क रहने के लिए कहा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *