सिलीगुड़ी, 26 जून (नि.सं.)। डाबग्राम-2 अंचल के पूर्व चयनपाड़ा इलाके में एक बुजुर्ग महिला के साथ ठगी कर उसकी संपत्ति और सोना-चांदी के गहने हड़पने का आरोप उसके ही रिश्तेदार पर लगा है। आरोपी के रूप में उसके छोटे भाई के बेटे दीपंकर दास का नाम सामने आया है। फिलहाल बुजुर्ग महिला बेघर हो गई हैं।
आरोप है कि मिनती दास नाम की इस बुजुर्ग महिला ने कई साल पहले जमीन खरीदकर घर बनाया था और वहीं रहती थी। पति की मौत के बाद वह अकेली रह रही थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने भरोसा जीतते हुए धीरे-धीरे पूरी जमीन अपने नाम करा लिया। इतना ही नहीं, केंद्रीय जांच एजेंसी का डर दिखाकर महिला के लॉकर में रखे सोने-चांदी के गहने भी हड़प लेने का आरोप है। पीड़िता का आरोप है कि सब कुछ अपने नाम करने के बाद उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया। घटना को लेकर दोनों पक्ष कानूनी कार्रवाई में जुट गए हैं।
शुक्रवार को मिनती दास अपने घर के सामने धरने पर बैठ गईं। सूचना मिलते ही आशिघर फाड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की बात सुनकर जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दीपंकर दास ने सुनियोजित तरीके से बुजुर्ग महिला को ठगकर उनकी संपत्ति हड़प ली। उन्होंने आरोपी और उसके परिवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
