सिलीगुड़ी, 29 मई (नि.सं.)। पुराने विवाद को लेकर चार लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति पर रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में भक्ति नगर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियोें के नाम कल्याण राय, रशित राय, योगेश राय और दीपक राय है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात को वाहन चालक अमित लेप्चा अपना काम खत्म करके घर लौट रहा था। तभी अपर भानू नगर के पास एक युवक के साथ उसकी किसी बात को लेकर से बहस होने लगी। इसके बाद कल्याण राय, रशित राय,योगेश राय और दीपक राय ने एक रॉड से अमित लेप्चा पर हमला किया। जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
दूसरी ओर, घटना की जानकारी मिलते ही भक्ति नगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल अमित लेप्चा को बरामद कर सिलीगुड़ी जिला अस्पताल लेकर गयी, लेकिन अमित लेप्चा की शारीरिक स्थिति बिगड़ती देख उसे उत्तरबंग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में रेफर कर दिया गया,जहां इलाज के दौरान आज सुबह उसकी मौत हो गयी।
उल्लेखनीय है कि बीते होली के त्योहार के दौरान मृतक अमित लेप्चा के साथ कल्याण राय,रशित राय,योगेश राय और दीपक राय का किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस को संदेह है कि उसी पुराने झगड़ा को लेकर बीते रात अमित लेप्चा पर हमला किया गया है। भक्ति नगर पुलिस ने चारो आरोपियों को अदालत में पेश कर मामले की छानबीन के लिए पुलिस रिमांड की मांग की है।