सिलीगुड़ी, 23 जून(नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम में प्रशासक के रूप में उत्तर बंगाल विकास विभाग की सचिव आर.विमला ने जिम्मेदारी संभाल ली है। राज्य सरकार के शहरी विकास एवं नगर मामलों के विभाग के निर्देश पर सोमवार को नगर निगम के बोर्ड को भंग कर दिया गया था। इसके बाद मंगलवार को निगम पहुंचकर उन्होंने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया।
जिम्मेदारी संभालने के बाद आर.विमला ने नगर निगम के विभिन्न अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में खास तौर पर बारिश के मौसम की तैयारियों और नागरिक सेवाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान शहर के जरूरी कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और सभी मुद्दों पर अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर निर्णय लिया जाएगा।
वहीं, इस दिन भाजपा पार्षदों ने भी प्रशासक से मुलाकात की। उन्होंने हर तरह के सहयोग का आश्वासन दिया और विभिन्न वार्डों की मौजूदा स्थिति, नागरिक समस्याओं समेत कई अहम मुद्दों को उनके सामने रखा।
