उत्तर बंगाल, समाचार
लंबे इंतजार के बाद राहत, बेलाकोबा में बनेगा रेलवे ओवरब्रिज
राजगंज, 8 मई (नि.सं.)। इलाके के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से जाम और परेशानी झेल रहे लोगों को अब जल्द ही छुटकारा मिलने वाला है, क्योंकि बेलाकोबा में रेलवे ओवरब्रिज बनाने को मंजूरी मिल गई है।
बताया गया है कि रेल मंत्रालय ने 2-लेन वाले इस ओवर ब्रिज प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी है। हाल ही में जारी रेल बोर्ड के दस्तावेज में इस परियोजना का उल्लेख किया गया है।
इस परियोजना के तहत मौजूदा लेवल क्रॉसिंग की जगह आधुनिक ओवरब्रिज बनाया जाएगा। अभी तक रेल गेट बंद होने पर लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती थी।
ऑफिस जाने वाले लोग, स्कूल-कॉलेज के छात्र और व्यापारी सभी को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। खासकर व्यस्त समय में यहां जाम की समस्या और भी गंभीर हो जाती थी।
ओवरब्रिज निर्माण की मंजूरी की खबर सामने आते ही स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि काम जल्द शुरू होगा, जिससे यातायात आसान होगा, समय की बचत होगी और पूरे इलाके की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
