राजगंज, 23 जून (नि.सं.)। बांस काटने के दौरान एक भीषण दुर्घटना में 5 लोग घायल हो गए। यह घटना राजगंज के सन्न्यासीकाटा ग्राम पंचायत के पश्चिम बालाबाड़ी इलाके में हुई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण एक बांस बागान का बांस हाईटेंशन बिजली तार से सट गया था। संभावित खतरे को टालने के लिए मंगलवार सुबह बिजली विभाग के कर्मचारी बांस काटने पहुंचे। आरोप है कि काम के दौरान लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ।
अचानक बिजली तार में आग लग गई और तेज धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। इसके बाद बिजली का तार एक घर और ग्रामीण सड़क पर गिर गया, जिससे बड़ा अग्निकांड हो गया। इस घटना में कुल 5 लोग झुलसकर घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बचाकर उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, एक व्यक्ति की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टूटकर गिरे बिजली तार के कारण एक घर आंशिक रूप से जल गया। साथ ही कई घरों के बिजली मीटर, पंखे, टेलीविजन समेत अन्य विद्युत उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
घटना की खबर मिलते ही जलपाईगुड़ी जिले के पुलिस अधीक्षक, राजगंज थाना प्रभारी, बीडीओ इंचार्ज और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ब्लॉक प्रशासन की ओर से पीड़ितों को राहत सामग्री भी वितरित की गई है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
