राजगंज, 17 अप्रैल (नि.सं.)। विधानसभा चुनाव को देखते हुए चुनाव आयोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरत रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को राजगंज विधानसभा क्षेत्र के बेलाकोबा और आसपास के इलाकों में बुलेटप्रूफ बख्तरबंद वाहन के साथ रूट मार्च किया गया।
खाकी रंग का यह विशेष बख्तरबंद वाहन राजगंज थाना से निकलकर फटापुकुर, बेलाकोबा रोड होते हुए बटतला मोड़ तक गश्त करता नजर आया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुट गई और लोग इस वाहन को देखने के लिए उत्सुक दिखे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव से पहले इस तरह का बुलेटप्रूफ वाहन उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था। कई लोगों ने माना कि इस बार चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था पहले से काफी अधिक सख्त नजर आ रही है।
रूट मार्च के दौरान राजगंज थाना आईसी अमिताभ दास के नेतृत्व में केंद्रीय बलों के जवान भी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए ऐसे फ्लैग मार्च आगे भी जारी रहेंगे।
