राजगंज के तालमा नदी पर नए पुल निर्माण की उठी मांग

राजगंज, 2 दिसंबर (नि.सं.)। राजगंज के साहेबबाड़ी इलाके के तालमा नदी पर बना करीब 25 साल पुराना पुल जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। इस लिये तालमा नदी पर जल्द से जल्द नया पुल बनाने की मांग में ग्रामीणों ने आवाज बुलंद की है। कई गांवों के निवासी अपनी जान जोखिम में डाल कर इस कमजोर पुल से यातायात कर रहे है। इस पर भी कभी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

गांव वासियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा निरीक्षण के बाद भी अब तक पुल का निर्माण नहीं हो पाया है। बताया गया है कि राजगंज के शिकारपुर ग्राम पंचायत में तालमा नदी पर बना लोहे का पुल करीब 25 साल पुराना है। पुल के लोहे के खंभे व रेलिंग दोनों ही टूट गए हैं। ऐसे मेें लोगों को आशंका है कि पुल कभी भी गिर सकता है। स्थानीय लोगों ने कहा कि पुल की जर्जर स्थिति से ब्लॉक प्रशासन और जलपाईगुड़ी जिला परिषद के सभाधिपति भी वाकिफ हैं।

प्रशासन के अधिकारियों ने पुल का जायजा लिया है। पुल कमजोर होने के कारण पुल की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेड लगाया गया है। लेकिन इलाके के निवासी अपनी जान जोखिम में डालकर इस पुल से यातायात करने को मजबूर है। इसलिए उन्होंने जल्द से जल्द पुल बनाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes