खोरीबाड़ी, 23 जून (नि.सं.)। खोरीबाड़ी पंचायत समिति की सभापति रत्ना राय सिन्हा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सिलीगुड़ी महकमा शासक (एसडीओ) के कार्यालय पहुंचकर अपना इस्तीफा पत्र जमा किया।
गौरतलब है कि 11 जून को तृणमूल कांग्रेस के ही छह बागी पंचायत समिति सदस्यों ने सभापति को पद से हटाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। ऐसे में फ्लोर टेस्ट से ठीक पहले उनके इस्तीफे से स्थिति और भी पेचीदा हो गई है।
इस्तीफा देने के बाद रत्ना राय सिन्हा ने कहा कि अपनी ही पार्टी के छह सदस्यों द्वारा अचानक अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने से वह आहत हैं। उनके अनुसार, राज्य में नई सरकार आने के बाद कुछ सदस्य नए सभापति की मांग कर रहे थे, जिसके चलते यह कदम उठाया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले चार वर्षों में उन्होंने सभी सदस्यों के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए काम किया है और आगे भी आम लोगों के लिए काम करती रहेंगी।
