उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में भू-माफियाओं पर सख्ती, पुरानी फाइलें फिर खुलेंगी
सिलीगुड़ी,15 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट अब जमीन माफियाओं पर सख्ती की तैयारी में है। पुलिस पुराने भू-माफियाओं की फाइलें दोबारा खोलकर उनके खिलाफ कार्रवाई की रूपरेखा तैयार कर रही है। माटीगाड़ा थाने में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रैफिक डीसीपीक़ाज़ी शम्सुद्दीन अहमद ने बताया कि यदि किसी को जमीन माफियाओं से जुड़ी कोई समस्या हो तो वे सीधे प्रशासन को जानकारी दें। उन्होंने कहा कि शहर में लंबे समय से भू-माफियाओं की गतिविधियां बढ़ रही थी, जिसे रोकने के लिए अब सख्त कदम उठाए जाएंगे।इसके अलावा, फरवरी में माटीगाड़ा के उत्तरायण इलाके में हुई बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस चोरी में सोना और नकदी समेत करीब 95 लाख रुपये का सामान चोरी हुआ था।एक अन्य मामले में सिक्किम के दो लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से महंगे कैमरे, मोबाइल फोन और घड़ियां बरामद हुई हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।डीसीपी ने कहा कि सिलीगुड़ी को अपराध मुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह सक्रिय और सतर्क है।
