राजगंज , 3 जून(नि.सं.)। राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से बुधवार को नवान्न से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने वर्चुअल माध्यम से अन्नपूर्णा योजना के तहत आर्थिक सहायता वितरण का शुभारंभ किया। इस दिन राज्यभर में करीब 28 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में सीधे आर्थिक सहायता ट्रांसफर की गई।
इसी कार्यक्रम के तहत राजगंज ब्लॉक प्रशासन की ओर से राजगंज बीडीओ कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लगभग 100 लाभार्थियों को योजना के आर्थिक स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
बताया गया है कि इस योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को मासिक आर्थिक सहायता दी जाएगी। इससे परिवार की आर्थिक सुरक्षा मजबूत होने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में राजगंज के बीडीओ सौरव कांति मंडल, राजगंज थाने के आईसी अमिताभ दास, पंचायत समिति की अध्यक्ष रुपाली दे सरकार, उपाध्यक्ष कविता छेत्री शैव, पंचायत समिति सदस्य धनंजय मल्लिक सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
