उच्च माध्यमिक में सिलीगुड़ी की श्रेयसी शील राज्य में आठवें स्थान पर, विधायक शंकर घोष ने दी बधाई

सिलीगुड़ी,14 मई (नि.सं.)। उच्च माध्यमिक – 2026 के परिणाम घोषित होते ही सिलीगुड़ी में खुशी की लहर दौड़ गई। शहर के एकटियाशाल इलाके की रहने वाली श्रेयसी शील ने राज्य में आठवां स्थान हासिल कर बड़ा गौरव दिलाया है। उनकी इस उपलब्धि की खबर फैलते ही घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष इस समय सरकारी कार्यों के सिलसिले में कोलकाता में है। बावजूद इसके उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए श्रेयसी और उनके परिवार से बात कर उन्हें शुभकामनाएं दी। उन्होंने श्रेयसी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उच्च शिक्षा में हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिया। विधायक के निर्देश पर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल श्रेयसी के घर पहुंचा और उन्हें फूल, उत्तरिया और मिठाई देकर सम्मानित किया। शंकर घोष ने कहा कि श्रेयसी की यह सफलता पूरे सिलीगुड़ी के लिए गर्व की बात है और यह साबित करती है कि मेहनत और प्रतिभा का कोई विकल्प नहीं होता। सम्मान पाकर श्रेयसी शील और उनका परिवार भावुक हो गया। श्रेयसी ने कहा कि वह इस सफलता से खुश है और आगे और बेहतर प्रदर्शन कर देश की सेवा करना चाहती है। इलाके के लोगों में भी इस उपलब्धि को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *