सिलीगुड़ी, 30 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के 38 नंबर वार्ड के पालपाड़ा इलाके में एक व्यक्ति को संदिग्ध रूप से इलाके में घूमते देखा गया। बताया गया है कि आज स्थानीय लोगों ने एक 60 वर्षीय हिंदी भाषी व्यक्ति को इलाके में घूमते देखा। शक होने पर लोगों ने उससे पूछताछ शुरू की, तो उसकी बातों पर शक हुआ।
इसके बाद घटना की जानकारी वार्ड को-ऑर्डिनेटर दुलाल दत्त को दी गयी। उक्त व्यक्ति कभी बोल रहा है कि वह क्वारेंटानइ से आया तो कभी बोल रहा है कि वह बिहार या बैंगलोर से आया है। स्थानीय लोगों ने उसके बाएं हाथ में एक स्वास्थ्य केंद्र की सील भी देखी। बाद में इसकी सूचना भक्तिनगर पुलिस को दी गयी। खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और व्यक्ति को उत्तरबंग मेडिकल काॅलेज-अस्पताल लेकर गयी।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर व्यक्ति ने अपना नाम नीतीश कुमार बताया। वह बिहार के पाटना जिले के पारीगंज थाना इलाके का निवासी है। पुलिस पूरी घटना की जांच में जुट गयी है। वहीं, व्यक्ति को मेडिकल में ले जाने के बाद पूरे इलाके को सैनिटाइज किया गया।