‘सोरासरी शंकर’ में शिकायतों का अंबार- जमीन कब्जा, अवैध निर्माण और पुलिस की निष्क्रियता पर फूटा लोगों का गुस्सा  

सिलीगुड़ी, 28 जून (नि.सं.)।  ‘सोरासरी शंकर’ कार्यक्रम में जमीन कब्जा, अवैध निर्माण और पुलिस की निष्क्रियता को लेकर शिकायतों का अंबार लग गया। रविवार को सिलीगुड़ी के मार्गरेट स्कूल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में एक के बाद एक कई गंभीर आरोप सामने आए। इन शिकायतों को सिलीगुड़ी के विधायक तथा राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने सुना।

सुबह से ही शहर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर कार्यक्रम में पहुंचे। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि शहर के कई इलाकों में प्रभावशाली लोगों और तृणमूल नेताओं के समर्थन से निजी जमीनों पर कब्जा किया जा रहा है। साथ ही नियमों की अनदेखी कर लगातार अवैध निर्माण भी हो रहे है। केवल जमीन कब्जा या अवैध निर्माण ही नहीं, बल्कि कई तृणमूल नेताओं और कुछ पूर्व पार्षदों के नाम भी शिकायतों में सामने आए। आरोप है कि उनके प्रभाव के चलते ही इन इलाकों में गैरकानूनी कब्जे और निर्माण कार्य चल रहे हैं। इसके अलावा प्रधाननगर थाना क्षेत्र से भी कई शिकायतें विधायक के पास पहुंची। 

सभी शिकायतें सुनने के बाद शंकर घोष ने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में प्रधाननगर, भक्तिनगर और सिलीगुड़ी थानों के पास पुलिस की मौजूदगी में ‘ सोरासरी शंकर’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि आम लोग सीधे पुलिस के सामने अपनी शिकायतें रख सकें और जल्द कार्रवाई हो सके। साथ ही उन्होंने लोगों से पुलिस के पास भी अपनी शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes