सिलीगुड़ी, 01 जुलाई (नि.सं.)। शहर में एक बार फिर छिनतई की घटना से सनसनी फैल गई। सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर 12 से बुधवार सुबह यह घटना सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, एक महिला कोलकाता से लौटकर स्टेशन से टोटो के जरिए अपने घर जा रही थी। घर के सामने पहुंचकर जैसे ही वह टोटो का किराया देने लगी तभी पीछे से एक स्कूटी पर सवार दो युवक आए और उनके हाथ में मौजूद साइड बैग छीनकर फरार हो गए।
महिला का कहना है कि वह कुछ समझ पाती उससे पहले ही स्कूटी तेजी से इलाके से निकल गई। छीने गए बैग में मोबाइल फोन, हेडफोन, जरूरी दस्तावेज, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और घर की चाबी थी। घटना के बाद महिला दहशत में आ गई।
सूचना मिलते ही पानीटंकी चौकी की पुलिस और वार्ड नंबर 12 के पूर्व पार्षद मौके पर पहुंचे। आसपास के घरों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी वार्ड में छिनतई की घटना हुई थी, जहां बदमाश एक व्यक्ति से सोने की चेन और अंगूठी छीनकर फरार हो गए थे।
