सिलीगुड़ी के पब में निर्धारित समय सीमा के बाद भी चल रही थी पार्टी, पुलिस ने 41 लोगों को किया गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 17 जुलाई (नि.सं.)। कोरोना के मामलों के बीच राज्य सरकार की ओर से कोरोना पाबंदियां लगाई गई है। इसके बावजूद लोग कोरोना के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला शुक्रवार रात को सिलीगुड़ी शहर के एक पब से सामने आया है,जहां कोरोना के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए व निर्धारित समय सीमा के बाद भी सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित नाशा नामक एक पब में पार्टी चल रही थी।


इसी के मद्देनजर शुक्रवार रात भक्तिनगर पुलिस ने उक्त पब मेें अभियान चलाकर 41 लोगों को गिरफ्तार किया। कोरोना पाबंदी लगने के बाद भी सिलीगुड़ी शहर में रात 8 बजे के बाद नाशा नामक उक्त पब खुला था,जहां काफी संख्या में युवक-युवती पार्टी कर रहे थे। पुलिस को जब इस बात की सूचना मिली तो पुलिस ने उक्त पब में अभियान चलाया और 41 लोगों को गिरफ्तार किया।

महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पब से 41 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 16 युवतियां हैं। उन्हें शुक्रवार रात को भक्तिनगर थाने लाया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आज सभी को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पुलिस ने सेवक रोड स्थित एक पब में छापेमारी कर कई लोगों को गिरफ्तार किया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *