सिलीगुड़ी के रेड लाइट एरिया में बेची गयी असम की नाबालिगा, दो गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 5 अगस्त (नि.सं.)। असम की एक नाबालिगा को सिलीगुड़ी के रेड लाइट एरिया में बेच दिया गया था। जिसके बाद इस घटना की जांच में जुटी पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार उक्त नाबालिगा को असम के ग्वालपाड़ा के निवासी सफीउल्ला नामक एक व्यक्ति ने प्रेम जाल में फंसाया।


इसके बाद सफीउल्ला असम से उक्त नाबालिगा को सिलीगुड़ी लेकर आया। बाद में उक्त व्यक्ति ने नाबालिगा को मोटी रकम में सिलीगुड़ी के रेडलाइट एरिया में एक महिला के पास बेच दिया। घटना की जांच में जुटी असम पुलिस ने खालपाड़ा चौकी की पुलिस के साथ संपर्क किया।

इसके बाद पुलिस ने कल सफीउल्ला को गिरफ्तार किया। वहीं, पुलिस ने जाल बिछाकर एक अन्य महिला को भी गिरफ्तार किया है। महिला से पूछताछ के बाद पुलिस ने नाबालिगा को बरामद किया। आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश करने के बाद आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *