सिलीगुड़ी, 15 दिसंबर (नि.सं.)। पहले अपहरण बाद में 12 वर्षीय 6वीं की छात्रा की हत्या की घटना के बाद से पूरे शहर में सनसनी फैली हुई है। घटना के बाद से दक्षिण पलाश इलाके में तनाव का माहौल है। मृतक छात्रा का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है। वहीं, आज पीड़ित परिवार से मिलने दार्जिलिंग जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष पापिया घोष उनके घर पहुंची। इस दौरान पापिया घोष ने मृत छात्रा की मां से बात की।
वहीं, उन्होंने पीड़ित परिवार को आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और कठोर सजा देने का अस्वाशन दिया। इधर, पत्रकारों से बात करते हुए पापिया घोष ने कहा कि यह काफी दुखद घटना है। एक मां की गोद खाली हुई है। आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए इसके लिए खुद वे पुलिस से बात करेंगी। वहीं, उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना में भाजपा राजनीति कर रही है।
इधर, सीबीआई द्वारा मामले की जांच कराने वाले सवाल पर पापिया घोष ने कहा कि पुलिस आरोपी को पकड़ने में सक्षम है। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगी।