सिलीगुड़ी, 28 मार्च (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में एक अजब प्रेम की गजब कहानी में प्रेमिका की शिकायत पर प्रेमी सीधे जेल पहुंच गया है। जी हां, प्यार की इस कहानी को सुनकर आप भी हैरान हो जाएंगे। बताया गया है कि सिलीगुड़ी के देशबंधुपाड़ा में किराए के मकान में रहने वाली एक विवाहित महिला की 38 वर्षीय स्वपन राय से पहले मुलाकात हुई। इसके बाद मुलाकात का दौर प्यार में बदल गया और प्यार परवान चढ़ गया।
आरोप है कि शादी का झांसा देकर स्वपन राय ने महिला के साथ शारीरिक संबंध भी बनाए। पिछले 5 वर्षों से दोनों का यह रिश्ता चला रहा था। लेकिन फिर अचानक दोनों के बीच दूरी आने लगी। जिसके बाद महिला अपने प्रेमी स्वपन राय की बेवफाई की शिकायत लेकर सीधा महिला थाना पहुंच गयी। महिला थाना में प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज करते हुए महिला ने आरोप लगाया कि शादी का वादा कर स्वपन ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
इतना ही नहीं स्वपन ने महिला से करीब 6 लाख रुपये भी लिए है, लेकिन अब स्वपन उसे छोड़ना चाहता है। इधर, शिकायत के आधार पर महिला थाना की पुलिस ने बीते कल भक्ति नगर थाना अंतर्गत वेदगाड़ा इलाके से आरोपी स्वपन राय को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आज उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। फिलहाल, महिला थाना की पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।