सिलीगुड़ी,30 नवंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी शहर में चोरों ने आतंक मचाया हुआ है। चोरों के कितने हौसले बुलंद है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चोर दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम देने लगे हैं। ऐसा ही कुछ एनजेपी थाना अंतर्गत भालोबासा मोड़ इलाके में हुआ। संजय दास के घर में चोरों ने आज सुबह चोरी की वारदात का अंजाम दिया गया।
बताया जा रहा है कि संजय दास रोज की तरह आज सुबह बाजार में मछली बेचने के लिए निकले थे। बाद में घर के अन्य सदस्य भी काम पर चले गये। जिसके बाद खाली घर का फायदा उठाकर चोरों ने ताला तोड़कर घर पर हाथ साफ कर दिया।
चोर 70 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये के सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। जैसे ही संजय दास घर आए तो देखा सारा समान बिखरा पड़ा है। इसके बाद उन्हें चोरी के घटना के बारे में पता चला। दूसरी ओर, घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही एनजेपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस पूरे घटना की जांच में जुट गई है।