सिलीगुड़ी, 30 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के सालूगाड़ा में सड़क किनारे पांच गायों का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया गया है कि आज सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे उक्त गायों के शव को देखा। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
खबर मिलते ही भक्तिनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस सूत्रों के अनुसार कुल 6 गायें बरामद की गईं है। जिनमें से 5 गायों को मृत अवस्था में बरामद किया गया है। एक गाय गंभीर रूप से घायल है। इधर, सूचना मिलते ही पशु प्रेमी सिलीगुड़ी खाटू श्याम परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंचे और घायल गाय को इलाज के लिए भेजा।
इसके अलावा पांच मृत गायों को भक्तिनगर थाने की पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में पशु प्रेमी परेश राय ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। घटना की उचित जांच की जरूरत है।