राजगंज,5 फरवरी (नि.सं.)। बेलाकोवा रेंज ऑफिस केे वनकर्मियों ने तस्करी से पहले तेंदुए की खाल बरामद की है। आज सुबह सिलीगुड़ी के जलपाईमोड़ से एक चार पहिया यात्रीवाही वाहन से उक्त तेंदुए की खाल बरामद की गई। साथ ही इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम पासांग लामा (39) और सिरिंग तमांग (35) हैं। ये दोनों दार्जिलिंग के रहने वाले हैं।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार गुप्त सूत्रों से बेलाकोवा रेंज ऑफिस को सूचना मिली थी कि तेंदुए की खाल की तस्करी के लिये सिलीगुड़ी से बाहर ले जाया जा रहा है। इसी के आधार पर रेंज ऑफिसर संजय दत्त के नेतृत्व वनकर्मियों ने जलपाईमोड़ में अभियान चलाकर उक्त वाहन को रोका गया। इसके बाद तलाशी के दौरान वाहन के अंदर एक स्कूल बैग से तेंदुए की खाल बरामद की गई।
वन अधिकारियों द्वारा पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पहाड़ में पिंजरा लगाकर वयस्क तेंदुए को पकड़ा था। इसके बाद तेंदुए को मार कर उसकी खाल को निकाला। खाल को तस्करी के लिए नेपाल ले जाया जा रहा था। रेंज ऑफिस के अनुसार रविवार को आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया है।