सिलीगुड़ी, 21 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में डेंगू से निपटने के लिए सिलीगुड़ी नगर निगम मैदान में उतर गई है, वेक्टर कंट्रोल टीमों की संख्या बढ़ाई जा रही है। डेंगू के प्रति आम जनता को जागरूक करने के लिए पर्चे बांटे जाएंगे और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।यह बात सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर गौतम देव ने ने कही।
दरअसल, मेयर गौतम देव ने शनिवार को सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर परिषदों के साथ डेंगू समेत कई मुद्दों पर बैठक किया। जिसके बाद गौतम देव ने पत्रकारों से कहा कि डेंगू के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए और भी कैंप और माइकिंग की जाएगी। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को जागरूक भी किये जाएंगे।वहीं, वेक्टर कंट्रोल टीम की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। शहर को पूरी तरह से डेंगू मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। शहर की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए प्रत्येक वार्ड में कुल 30 स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी नगर निगम को पांच साल तक सिलीगुड़ी कंचनजंघा स्टेडियम की देखरेख की जिम्मेदारी दी गई है। जिसके लिए एक कमेटी का गठन भी किया गया है। स्टेडियम का रखरखाव, देखभाल और प्रबंधन सिलीगुड़ी नगर निगम द्वारा किया जाएगा। जिसका खेल विभाग द्वारा वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।