सिलीगुड़ी, 24 जून (नि.सं.)। नेशनल अर्बन हेल्थ मिशन (एनयूएचएम) के तहत नगर निगम संचालित स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत कर्मियों ने वेतन वृद्धि की लंबित मांग पूरी न होने पर आज से कार्य बहिष्कार (हड़ताल) शुरू कर दी है। इसके चलते सिलीगुड़ी महकमा क्षेत्र में कई सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गई हैं।नए बजट की घोषणा के बावजूद वेतन बढ़ोतरी पर कोई फैसला न होने से कर्मियों में नाराजगी बढ़ गई थी। इसी के विरोध में उन्होंने महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित सेवाएं बंद रखी।इस हड़ताल का सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। खासकर बच्चों के टीकाकरण और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आने वाले परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही कई लोगों को सेवा बंद होने के कारण वापस लौटना पड़ा।एक अभिभावक ने बताया, “बच्चे को टीका लगवाने आए थे, लेकिन यहां आकर पता चला कि हड़ताल के कारण सेवा बंद है।”कर्मियों का कहना है कि वेतन वृद्धि की मांग लंबे समय से लंबित है, लेकिन कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
