सिलीगुड़ी में अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ नगर निगम का अभियान

सिलीगुड़ी, 02 जुलाई (नि.सं.)। शहर में अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ सिलीगुड़ी नगर निगम ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर के विभिन्न दुकानों, शॉपिंग मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर बिना अनुमति लगाए गए कई होर्डिंग्स को चिन्हित किया गया। इससे एक ओर जहां राहगीरों को परेशानी हो रही थी, वहीं नगर निगम के राजस्व को भी लाखों रुपये का नुकसान हो रहा था।

गुरुवार को सिलीगुड़ी के सेवक रोड पर अभियान चलाकर कई अवैध होर्डिंग्स को हटाया गया। नगर निगम के कर्मचारियों ने गैस कटर की मदद से बड़े-बड़े लोहे के होर्डिंग्स काटकर हटाए और उन्हें जब्त कर लिया।

नगर निगम सूत्रों के अनुसार, बिना अनुमति सड़क और फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का विज्ञापन या साइन बोर्ड लगाना प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल सेवक रोड तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में सिलीगुड़ी शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार अवैध होर्डिंग्स हटाने का अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes