सिलीगुड़ी, 30 जून (नि.सं.)। शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, जलजमाव की समस्या दूर करने और अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए सिलीगुड़ी नगर निगम सक्रिय हो गया है। मंगलवार को निगम के आयुक्त वीर विक्रम राय ने वार्ड नंबर 8 के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसएफ रोड इलाके में सड़क किनारे कई दुकानों द्वारा नालियों के ऊपर स्थायी और अस्थायी ढांचे बनाकर कब्जा करने का मामला सामने आया। इससे नालियों की सफाई में बाधा उत्पन्न हो रही है और बरसात के समय जल निकासी की समस्या बढ़ रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने संबंधित दुकान मालिकों को निर्देश दिया कि वे तीन दिनों के भीतर इन सभी ढांचों को हटा दें, ताकि नालियों की सफाई की जा सके। निर्देश का पालन नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
इसके अलावा बड़े-बड़े होर्डिंग्स की भी जांच की गई। जिन होर्डिंग्स को नियमों का उल्लंघन कर लगाया गया है, उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, एसएफ रोड स्थित एक बहुमंजिला इमारत के सामने बनाए गए कुछ दुकानों द्वारा भवन के प्रवेश मार्ग को आंशिक रूप से अवरुद्ध करने की शिकायत भी सामने आई। आयुक्त ने इन निर्माणों की वैधता की जांच के निर्देश दिए हैं।
इस दौरान पूर्व पार्षद शालिनी डालमिया ने भी आयुक्त के इस कदम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वार्ड के निवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया है।
