सिलीगुड़ी में मॉल पर नगर निगम का बड़ा एक्शन, अवैध निर्माण, एक्सपायर्ड खाना और बिना लाइसेंस के कारोबार का खुलासा 

सिलीगुड़ी, 27 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित एक मॉल में अवैध निर्माण की जांच के दौरान सिलीगुड़ी नगर निगम ने बड़ा अभियान चलाया। शनिवार को निगम के आयुक्त वीर विक्रम राय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पाया गया कि मॉल के कॉरिडोर पर कब्जा कर अवैध निर्माण किया गया है। साथ ही मॉल के कई रेस्टोरेंट और बार में गंभीर अनियमितताएं सामने आई। कई संस्थान वैध फायर लाइसेंस नहीं दिखा सके, वहीं कई मामलों में लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी थी। आरोप है कि एक बार में अवैध रूप से बीयर बनाने का काम चल रहा था। संबंधित अधिकारियों द्वारा जरूरी दस्तावेज मांगे जाने पर वे प्रस्तुत नहीं कर सके, हालांकि उनका दावा था कि उनके पास आबकारी विभाग की अनुमति है। इसके अलावा एक रेस्टोरेंट में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री भी पाई गई।

इन सभी अनियमितताओं को देखते हुए नगर निगम ने अवैध निर्माण को तुरंत हटाने का निर्देश दिया है। साथ ही कई दुकानों और प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। जिनके पास वैध दस्तावेज हैं, उन्हें निगम में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes