सिलीगुड़ी, 11 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम की कार्रवाई में वार्ड नंबर 11 में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया है। आरोप है कि सरकारी सड़क पर स्थायी टिन शेड बनाकर होटल का व्यवसाय चलाया जा रहा था, जिससे आम लोगों की आवाजाही में परेशानी हो रही थी।
खोकन भट्टाचार्य मार्केट कमेटी के अनुसार, इससे पहले भी नगर निगम ने नोटिस देकर इस अवैध निर्माण को हटाया था, लेकिन बाद में फिर से उसी जगह शेड बनाकर कारोबार शुरू कर दिया गया। इससे न केवल आम लोगों को दिक्कत हो रही थी, बल्कि आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के प्रवेश में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी।
हालांकि, ईश्वरचंद्र मित्तल नामक व्यक्ति ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्हें सीधे नगर निगम से कोई नोटिस नहीं मिला, बल्कि तीसरे पक्ष के माध्यम से सूचना दी गई। उन्होंने दावा किया कि यह निर्माण उनकी निजी जमीन पर है, न कि सरकारी सड़क पर है।
इस घटना को लेकर इलाके में काफी हलचल देखी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी जमीन और सड़क पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में सरकारी जमीन और सड़कों पर बने सभी अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
