राजगंज में जहरीले सांप के काटने से महिला की मौत, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप

राजगंज, 25 जून (नि.सं.)। राजगंज में एक महिला की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका का नाम सबिता पाल (54) है, जो राजगंज ब्लॉक के मझियाली ग्राम पंचायत के हुदुगछ गांव की निवासी थी।

परिवार के अनुसार, बुधवार रात सबिता पाल रसोई घर में काम कर रही थी, तभी एक जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत राजगंज ग्रामीण अस्पताल ले गए।

मृतका के पति सिंधुराम पाल और अन्य परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें बताया था कि शरीर में जहर फैलने के कोई लक्षण नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर 24 घंटे निगरानी में रखना जरूरी है। इसी आधार पर उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। लेकिन भर्ती के करीब एक घंटे के भीतर ही महिला की मौत हो गई। परिवार ने आरोप लगाया है कि डॉक्टरों की लापरवाही और गाफिलती के कारण ही उनकी मौत हुई है।

वहीं अस्पताल के डॉक्टर कौतुक बागची ने कहा कि घटना बेहद दुखद है। मरीज को अस्पताल लाने के बाद सभी जरूरी इलाज और प्रयास किए गए। पूरी रिपोर्ट भी तैयार कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।

घटना की सूचना मिलने पर राजगंज पंचायत समिति के सदस्य और भाजपा नेता निताई मंडल भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिवार से बात करने के बाद कहा कि परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है, लेकिन वास्तविक सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी। उन्होंने यह भी कहा कि मामले को स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा।

गुरुवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं परिजनों ने बताया कि वे राजगंज थाने में संबंधित डॉक्टर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes