सिलीगुड़ी, 14 जून (नि.सं.)। ‘सोरासरी शंकर’ कार्यक्रम में शामिल होकर विधायक व मंत्री शंकर घोष ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं। रविवार को बाबूपाड़ा के वाईएमए मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।
कहीं जमीन कब्जे का आरोप, कहीं अवैध निर्माण, तो कहीं व्यक्तिगत और नागरिक सेवाओं से जुड़ी समस्याएं—लोगों ने विभिन्न मुद्दों पर विधायक से गुहार लगाई। शंकर घोष ने एक-एक कर सभी की शिकायतें सुनीं और संबंधित मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान कुछ लोगों ने तृणमूल के कुछ नेता-कर्मियों पर जमीन कब्जे समेत अन्य अनियमितताओं के आरोप भी लगाए। इन शिकायतों को भी गंभीरता से जांचने की बात मंत्री ने कही।
शंकर घोष ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हर महीने ‘सोरासरी शंकर’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि लोग सीधे अपनी बात रख सकें।
