सिलीगुड़ी,12 दिसंबर (नि.सं.)। भारत से विलुप्त हो रहे प्रजाती के 2 कछुए का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करना एक व्यक्ति को महंगा पर गया। दरअसल बेलाकोबा वन विभाग के रेंजर संजय दत्त के नेतृत्व में उनकी टीम ने अभियान चलकर एक व्यक्ति के घर पर छापेमारी कर 2 विलुप्त प्रजाती का कछुआ बरामद किया है। आरोपी का नाम बापी दत्त है।
बताया गया है कि सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया 2 कछुए के वीडियो के बारे में रेंजर संजय दत्त को जैसे ही जानकारी मिली। उन्होंने अपने टीम के साथ उक्त सोशल मीडिया अकाउंट के सहारे जांच शुरू कर दिया। इस दौरान रविवार रात को सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन के भक्तिनगर थाना के सहयोग से हाकिमपाड़ा संघती मोड़ स्थित उक्त घर में छापेमारी की गयी। जहां वन विभाग की टीम को विलुप्त प्रजाती का 2 कछुआ और एक तोता बरामद हुआ।
जिसके बाद बेलाकोबा वन विभाग की टीम ने घर मालिक बापी दत्त को गिरफ्तार किया। इस विषय में रेंजर संजय दत्त ने कहा कि सोशल मीडिया के सहारे उन्हें इस विषय की जानकारी मिली। कछुआ का बाजार मूल्य काफी ज्यादा है। उन्हें संदेह है कि आरोपी बापी दत्त सोशल मीडिया के सहारे इन कछुए को बिक्री करने की योजना में था।
इसके पिछे और भी लोग शामिल है। जिनकी तलास शुरू कर दी गई है। आगे उन्होंने कहा कि विलुप्त प्रजाती के कछुए को घर में रखना गैरकानूनी है। ऐसा करने पर 7 साल की जेल हो सकती है। आज आरोपी को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया।