सिलीगुड़ी में ट्रैफिक सुधार की तैयारी, कोलकाता से आएगी स्पेशल टीम

सिलीगुड़ी,15 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। कोलकाता से विशेष दक्षता वाली ट्रैफिक पुलिस को बुलाया गया है, जो अगले सप्ताह शहर में पहुंचकर स्थानीय ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर काम करेगी। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के कमिश्नर सैयद वकार रजा के नेतृत्व में यह पहल की जा रही है। यह जानकारी ट्रैफिक डीसीपी क़ाज़ी शम्सुद्दीन अहमद ने दिया। डीसीपी ने बताया कि कोलकाता की यह टीम शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और जाम की समस्या कम करने में मदद करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि नई राज्य सरकार और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देशों के तहत ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी शुरू किया गया है। इसी कड़ी में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ईस्टर्न बाईपास इलाके में स्पीड डिटेक्शन कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे तेज रफ्तार वाहनों पर नजर रखेंगे और ओवर स्पीड वाहनों का चालान काटेंगे। आने वाले समय में शहर के अन्य स्थानों पर भी ऐसे कैमरे लगाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *