कुचबिहार से सिलीगुड़ी के रास्ते गांजा तस्करी नाकाम, जीजा-साली समेत तीन गिरफ्तार 

सिलीगुड़ी, 02 जुलाई (नि.सं.)। कुचबिहार से सिलीगुड़ी के रास्ते गांजा तस्करी की एक बड़ी योजना को एसटीएफ ने नाकाम कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में माटीगाड़ा-फांसीदेवा अंडरपास के पास एक निजी वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है। इस मामले में जीजा-साली समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश पासवान, किरण सरकार और विवेक पासवान के रूप में हुई है। 

एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, सूचना मिली थी कि कुचबिहार से एक निजी गाड़ी के जरिए गांजा बिहार ले जाया जा रहा है। इसी आधार पर टीम ने तड़के सुबह से माटीगाड़ा-फांसीदेवा अंडरपास के पास निगरानी शुरू कर दी।

इस दौरान संदिग्ध एक सफेद गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 10 पैकेट बरामद हुए, जिन्हें खोलने पर अंदर गांजा पाया गया। कुल बरामद गांजा का वजन लगभग 36 किलो बताया गया है। जिसके बाद एसटीएफ ने मौके से एक महिला समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि ओमप्रकाश पासवान और किरण सरकार आपस में जीजा-साली हैं, जबकि विवेक पासवान उनका सहयोगी है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया। एसटीएफ ने आरोपियों की रिमांड की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes