मोहर्रम पर मानव सेवा की मिसाल, फुलबाड़ी में रक्तदान, हेल्थ कैंप और शरबत वितरण

फुलबाड़ी, 26 जून (नि.सं.)।  मोहर्रम के पवित्र अवसर पर फुलबाड़ी में मानव सेवा की अनूठी मिसाल देखने को मिली। सुन्नी गौसिया फाउंडेशन की ओर से रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर और शरबत वितरण जैसे कई सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

संस्था के अनुसार, हर साल मोहर्रम के मौके पर इस तरह के जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस वर्ष भी स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के साथ-साथ नेत्र जांच और सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।

कार्यक्रम में फुलबाड़ी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से कई लोग शामिल हुए। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों को ठंडा शरबत पिलाकर संगठन के सदस्यों ने मानव सेवा का संदेश दिया। साथ ही, रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर में भी काफी लोगों ने भाग लेकर जरूरतमंदों की मदद की।

संस्था के सदस्यों ने बताया कि धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ समाज सेवा के माध्यम से लोगों के साथ खड़ा रहना ही उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रम जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes