उत्तर बंगाल, जलपाईगुड़ी, समाचार
जलपाईगुड़ी में स्वप्ना बर्मन ने मांगी सुरक्षा, घर में आग लगने के बाद डर का माहौल
जलपाईगुड़ी,16 मई(नि.सं.)। “मैं असुरक्षित महसूस कर रही हूं” — अपने और परिवार की सुरक्षा की मांग को लेकर एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता एथलीट सपना बर्मन ने थाने में आवेदन दिया है।
राजगंज विधानसभा से पराजित तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार रही सपना बर्मन ने अपने घर में हुई आगजनी की घटना के बाद खुद और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। शनिवार को वह जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैं असुरक्षित महसूस कर रही हूं। मैंने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस से अनुरोध किया है।” साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से भी सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि बीती रात सपना बर्मन के घर में आग लगने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना के बाद से वह और उनका परिवार दहशत में हैं। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
