फूलबाड़ी, 2 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। खड़ी गाड़ी में पीछे से तेज रफ्तार टैंकर ने टक्कर मार दी, जिसमें टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से असम की ओर जा रहा गेहूं लदा एक ट्रेलर सोमवार देर रात फूलबाड़ी के मर्डर मोड़ के पास पहुंचते ही खराब हो गया। ट्रेलर का अगला टायर फट जाने के कारण वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया।
मंगलवार सुबह उसी रास्ते से असम की ओर जा रहा सरसों तेल से भरा एक टैंकर खड़े ट्रेलर को समय पर देख नहीं पाया और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक तथा सहायक चालक केबिन में फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही फूलबाड़ी हाईवे ट्रैफिक आउटपोस्ट, न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस और फूलबाड़ी दमकल केंद्र की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया। घायल चालक को तुरंत उत्तर बंग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
