उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में ट्यूशन की आड़ में नाबालिग छात्राओं का यौन उत्पीड़न, आरोपी शिक्षक गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 8 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के प्रधान नगर थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ट्यूशन की आड़ में एक शिक्षक द्वारा नाबालिग छात्राओं को ब्लैकमेल कर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा है।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी शिक्षक प्रीतम घोष (43) को गिरफ्तार कर लिया है। वह समर नगर इलाके में ट्यूशन पढ़ाता था और झंकार मोड़ का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, वह चंपासारी स्थित एक सरकारी हाई स्कूल में इतिहास का शिक्षक है।
आरोप है कि शिक्षक पहले छात्राओं को परीक्षा में पास-फेल करने का डर दिखाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था और फोन पर अश्लील मैसेज व फोटो भेजता था। इसके बाद ट्यूशन के दौरान उनके साथ यौन उत्पीड़न और शारीरिक शोषण करता था। कई नाबालिग छात्राएं उसकी इस हरकत का शिकार हो चुकी थी।
आखिरकार छात्राओं ने ही हिम्मत दिखाकर इस पूरे मामले का खुलासा किया, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों और अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा और समर नगर इलाके में जमकर हंगामा हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। एक पीड़ित छात्रा की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO Act के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया है। साथ ही उसके मोबाइल फोन की जांच और पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी विवाहित है और इस तरह की घटनाओं को पहले भी अंजाम दे चुका है। फिलहाल पुलिस अन्य पीड़ित छात्राओं के बयान दर्ज कर पूरे मामले की जांच कर रही है।
