उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में दुस्साहसिक चोरी का मामला, एक आरोपी गिरफ्तार
सिलीगुड़ी,11 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में एक दुस्साहसिक चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एनजेपी थाने की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम दीपक दास बताया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 31 के शीतलापाड़ा इलाके के रहने वाले चंदन साहा ने बैंक से लाखों रुपये निकालकर घर पर रखे थे। वह ये पैसे किसी को देने वाले थे। 20 अप्रैल की देर रात बदमाशों ने घर में सबके सोने का फायदा उठाकर लाखों रुपये कैश और करीब 9 भरी सोने के गहने चुरा लिए और फरार हो गए।
घटना के बाद चंदन साहा ने एनजेपी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आखिरकार रविवार को दीपक दास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार कर ली है, हालांकि अब तक चोरी की गई नकदी और सोने के गहनों की बरामदगी नहीं हो सकी है। सोमवार को आरोपी को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
