महंगे शौक की चाह में तीन युवक बने अपराधी, पहली ही वारदात के बाद गिरफ्तार

सिलीगुड़ी,13 जून (नि.सं.)। कम उम्र में महंगे शौक और आलीशान जीवनशैली की चाह ने तीन युवकों को अपराध की राह पर धकेल दिया। पॉकेट मनी और अतिरिक्त खर्च पूरे करने के लिए उन्होंने छिनतई जैसी वारदात को अंजाम दिया, लेकिन उनका यह अपराधी सफर शुरू होते ही खत्म हो गया। पहली ही घटना के कुछ घंटों के भीतर माटीगाड़ा थाना की पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान संतोष राजभर (18), कोकिल राय (20) और निहाल महतो (18) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से लूटा गया आईफोन बरामद कर लिया है, हालांकि नकदी अभी तक बरामद नहीं हो सकी है।

मिली जानकारी के अनुसार, आमबाड़ी के दो युवक 11 जून की देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 2:50 बजे चादमुनी इलाके में एक स्कूटी पर सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने पीड़ितों से एक महंगा आईफोन और करीब 10 हजार रुपये नकद छीन लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित युवक ने माटीगाड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और गुप्त सूत्रों की मदद से जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर तीनों आरोपियों को माटीगाड़ा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes