सिलीगुड़ी, 02 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में तीन सूत्री मांगों को लेकर सीआईटीयू समर्थित ई-रिक्शा चालक यूनियन के सदस्यों ने प्रदर्शन किया। रैली निकालते हुए चालक सिलीगुड़ी महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय पहुंचे और वहां एक ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि शहर की सभी सड़कों पर ई-रिक्शा चलाने की अनुमति दी जाए। इसके साथ ही सभी चालकों को लाइसेंस सुनिश्चित किया जाए। वहीं जिन ई-रिक्शा को अब तक नंबर प्लेट नहीं मिली है, उन्हें जल्द से जल्द नंबर प्लेट उपलब्ध कराई जाए।
चालकों का आरोप है कि कई के पास वैध लाइसेंस और नंबर प्लेट होने के बावजूद उन्हें शहर की मुख्य सड़कों पर चलने नहीं दिया जाता। केवल अंदरूनी या छोटी सड़कों तक सीमित रहने के कारण यात्रियों की कमी हो रही है, जिससे उनकी आमदनी पर असर पड़ रहा है। इससे जीविका चलाना मुश्किल हो गया है।
यूनियन नेताओं ने बताया कि सिलीगुड़ी में बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा ई-रिक्शा चलाकर अपना गुजारा करते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का जल्द समाधान जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वास्तविक स्थिति को ध्यान में रखते हुए नियंत्रित तरीके से सभी सड़कों पर ई-रिक्शा चलाने की अनुमति दी जाए और लाइसेंस व नंबर प्लेट से जुड़ी समस्याओं को जल्द दूर किया जाए।
चालकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर ई-रिक्शा चालकों की हड़ताल भी की जा सकती है।
