राजगंज, 27 जून (नि.सं.)। अमन धान रोपाई से पहले परंपरागत रीति के अनुसार आमबाड़ी में ऐतिहासिक ‘राजा फालाकाटा’ पूजा का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।अमन धान की खेती का मौसम शुरू होते ही राजगंज ब्लॉक के आमबाड़ी के पास चटकियाभिटा इलाके में यह पारंपरिक पूजा आयोजित की जाती है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस पूजा के बाद ही धान रोपाई का कार्य शुरू करना शुभ होता है। इसी परंपरा को निभाते हुए हर साल आषाढ़ महीने में इस पूजा का आयोजन किया जाता है।शनिवार को विधि-विधान के साथ आयोजित इस पूजा में राजा फालाकाटा, तुलाकाटा और धनाकाटा नाम के तीन विग्रह बनाकर पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही पूजा स्थल पर भक्तों की भीड़ देखी गई।पूजा कमेटी के सदस्य मनोरंजन राय ने बताया कि पूर्वजों से मिली जानकारी के अनुसार लगभग 200 साल पहले यह इलाका घने जंगलों से घिरा हुआ था। यहां बाघ समेत कई जंगली जानवरों का आतंक था। मान्यता है कि जहां आज राजा फालाकाटा की पूजा होती है, वहीं कभी देवी चौधुरानी पूजा किया करती थी। मंदिर में राजा फालाकाटा, तुलाकाटा और धनाकाटा के अलावा कई अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां भी स्थापित हैं। राजगंज ब्लॉक के अलावा दूर-दराज से भी श्रद्धालु यहां पूजा करने और मन्नत मांगने आते हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि मन्नत पूरी होने पर अगले साल पूजा के समय भक्त भगवान को विभिन्न सामग्रियां अर्पित करते हैं। यह परंपरा लंबे समय से यहां की एक विशेष पहचान बन चुकी है।
