सिलीगुड़ी, 3 जून (नि.सं.)। रेल की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में शामिल होने बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचे मालदा उत्तर के सांसद व भाजपा नेता खगेन मुर्मू ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस का अस्तित्व अब खत्म हो चुका है। हमारे प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य पहले ही यह बात कह चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता लंबे समय से वंचित थी और महिलाओं पर अत्याचार की घटनाओं को सरकार ने नजरअंदाज किया। यही कारण है कि युवाओं और महिलाओं ने बदलाव का फैसला लिया।खगेन मुर्मू ने यह भी कहा कि ममता सरकार ने राष्ट्रपति तक का अपमान किया। उन्होंने नागराकाटा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के दौरे के दौरान खुद पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना को भी मुख्यमंत्री ने हल्के में लिया।नए तृणमूल को लेकर उन्होंने कहा कि यह ज्यादा दिन टिकने वाला नहीं है और पार्टी ताश के पत्तों की तरह बिखर रही है। उनके मुताबिक, आने वाले समय में ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को छोड़कर पार्टी में कोई नहीं बचेगा।अन्नपूर्णा योजना को लेकर उन्होंने कहा कि चुनावी वादे के अनुसार आज से इसका लाभ दिया जा रहा है और भाजपा ने पहले ही कहा था कि वे इससे दोगुना देंगे।वहीं तृणमूल प्रवक्ता जयप्रकाश मजूमदार की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि जो भी भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी में शामिल हैं, सभी को गिरफ्तार किया जाएगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बात गृह मंत्री और मुख्यमंत्री दोनों ने बार-बार स्पष्ट की है।
