नक्सलबाड़ी में उपप्रधान बने प्रधान, संजीत महतो को सर्वसम्मति से मिला समर्थन

नक्सलबाड़ी, 25 जून (नि.सं.)। नक्सलबाड़ी के अपर बागडोगरा ग्राम पंचायत में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। तृणमूल कांग्रेस के संजीत महतो, जो पहले उपप्रधान थे, अब नए प्रधान बन गए हैं। गुरुवार को हुए विश्वास मत (आस्था वोट) में उन्हें प्रधान चुना गया।

बताया गया है कि 2022 में 21 सीटों वाली इस पंचायत में तृणमूल कांग्रेस ने 11, कांग्रेस ने 7, भाजपा ने 2 और आदिवासी विकास परिषद ने 1 सीट जीती थी। बहुमत के आधार पर तृणमूल के संजीव सिन्हा प्रधान बने थे।

लेकिन 25 मई को 13 पंचायत सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। तृणमूल के बागी सदस्यों और कांग्रेस ने मिलकर यह प्रस्ताव बीडीओ के पास जमा किया। इसके बाद 5 जून को प्रधान संजीव सिन्हा ने इस्तीफा दे दिया।

गुरुवार को हुए नए प्रधान के चुनाव में 21 सदस्यीय बोर्ड में से 19 सदस्य उपस्थित रहे और सभी 19 वोट पाकर संजीत महतो प्रधान निर्वाचित हुए। खास बात यह रही कि उन्हें भाजपा और कांग्रेस के सदस्यों का भी समर्थन मिला।

विपक्ष की नेता लक्ष्मी सिन्हा थापा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अब विकास कार्य होंगे, अन्यथा भविष्य में फिर से अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा।

वहीं भाजपा की पंचायत सदस्य सुजाता इंदर ने कहा कि उनके दोनों सदस्यों ने नए प्रधान का समर्थन किया है और उन्हें उम्मीद है कि अब काम होगा।

नए प्रधान संजीत महतो ने कहा कि वह सभी को साथ लेकर काम करना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes