सिलीगुड़ी, 25 जून (नि.सं.)। सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति के इलाज के लिए एक दिन में 1 लाख 27 हजार रुपये का बिल बनाए जाने को लेकर सिलीगुड़ी में विवाद खड़ा हो गया। अत्यधिक बिल वसूली का आरोप लगाते हुए मरीज के परिजनों ने अस्पताल में जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, बीते दिन सड़क हादसे में घायल विशाल तामांग को शिवमंदिर के कदमतला इलाके स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि सिर्फ एक्स-रे और टांके लगाने के लिए ही 1.27 लाख रुपये का बिल थमा दिया गया, जिसमें केवल डॉक्टर की फीस ही 50 हजार रुपये बताई गई।
अत्यधिक बिल के विरोध में मरीज के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और अस्पताल में प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। हालात को काबू में करने के लिए माटीगाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में परिजनों ने मरीज को निजी अस्पताल से निकालकर उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों के आरोपों को खारिज किया है। अस्पताल के डॉक्टर विकास बाला के अनुसार, मरीज की सर्जरी की गई थी, जो करीब 4 घंटे चली, इसी कारण डॉक्टर की फीस 50 हजार रुपये रखी गई। उन्होंने यह भी कहा कि बिल का पूरा विवरण परिजनों को दिया गया था, लेकिन वे भुगतान करने को तैयार नहीं थे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
