सिलीगुड़ी, 28 अप्रैल (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने गर्मी की छुट्टियों में उत्तर बंगाल के स्कूलों को खुला रखने की मांग में जिला स्कूल निरीक्षक को आज एक ज्ञापन सौंपा।
राज्य के शिक्षा विभाग ने मई से राज्य के सभी स्कूलों में गर्मी की छुट्टी की घोषणा की है। हालांकि, कालिम्पोंग और दार्जिलिंग के स्कूलों को इससे अलग रखा गया है। भाजपा विधायक शंकर घोष ने राज्य सरकार द्वारा की गई घोषणा पर आपत्ति जताई है। उन्होंने जिले के सभी स्कूलों को खुला रखने की मांग किया है। इस संदर्भ में जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव प्रमाणिक को ज्ञापन भी सौंपा।
शंकर घोष ने कहा कि अभी भी पहाड़ के साथ-साथ सिलीगुड़ी शहर और उसके आसपास के इलाकों में गर्मी का कोई असर नहीं है। कोरोना की वजह से विगत दो साल से शिक्षण संस्थान बंद थे। जिससे विद्यार्थी पढ़ाई में काफी पीछे पर गए है। अब स्कुल खुला तो राज्य सरकार दक्षिण बंगाल के साथ- साथ उत्तर बंगाल के शिक्षण संस्थानों को बंद कर छात्रों को शिक्षा से वंचित करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अविलंब राज्य सरकार अपने इस फैसले को वापस ले। उन्होंने कहा कि सुबह स्कूलों को खुला रखा जाए।

