सिलीगुड़ी, 25 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के 37 नंबर वार्ड के चयनपाड़ा मेन रोड इलाके में सड़क पर कचरा फेंके जाने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि आसपास के विभिन्न इलाकों से लगातार कचरा लाकर यहां डंप किया जा रहा है, लेकिन नियमित सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, यह जगह अब एक अस्थायी डंपिंग ग्राउंड में बदल चुकी है, जिससे पूरे इलाके में तेज बदबू फैल रही है। घर के सामने कचरा जमा होने से लोगों का रहना मुश्किल हो गया है।
एक निवासी ने बताया, “जिस तरह से कचरा फेंका जा रहा है, उससे मेरे घर का एक दरवाजा लगभग बंद हो गया है। सड़क से आना-जाना भी मुश्किल हो गया है। सफाई करने आते हैं तो स्लैब भी तोड़ देते हैं।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत पहले भी वार्ड पार्षद से की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने नगर प्रशासक से इस मामले में जल्द हस्तक्षेप कर समाधान करने की मांग की है।
